ग्रामीणों के साथ मनाएंगे मुख्यमंत्री हरेली तिहार

पर्व के भव्य आयोजन हेतु तैयारी प्रारंभ बिलासपुर (ईएमएस)। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल तखतपुर विकासखण्ड के ग्राम नेवरा के ग्रामीणों के साथ एक अगस्त को हरेली तिहार मनायेंगे। पर्व के भव्य आयोजन के लिए कलेक्टर डॉ. संजय अलंग के मार्ग दर्शन में तैयारी प्रारंभ कर दी गई है। कलेक्टर ने पुलिस अधीक्षक प्रशांत अग्रवाल एवं अन्य अधिकारियों के साथ बैठक लेकर इस संबंध में विस्तृत चर्चा की। ग्राम नेवरा में हरेली तिहार के अवसर पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल जिले के 26 गौठानों का लोकार्पण करेंगे। ग्राम नेवरा के गौठान स्थल पर मुख्यमंत्री द्वारा कृषि औजारों के साथ-साथ पशुधन की पूजा की जाएगी। गौठान में बनाये गये बछड़ा, गाय एवं चरवाहा के मूर्ति का अनावरण करेंगे। छत्तीसगढ़ की परंपरा के अनुरूप नीम की टहनी गौठान में लगायेंगे और जानवरों को कलेवा खिलाएंगे। कटोरे में चरवाहे को दूध दिया जाएगाजिसे वे गौठानों में छिडकाव करेंगे। चरवाहों को नारियल और लाठी देकर एवं खमरी पहनाकर रोकाछेका f कि रस्म की जाएगी। छत्तीगढ़ की लोक परंपरा के अनुरूप सांस्कृतिक कार्यक्रम और पारंपरिक खेल गेडी, नारियल फेक, बिल्लस आयोजित होंगे। महिला बाल विकास विभाग द्वारा स्वसहायता समूहों की महिलाओं द्वारा निर्मित छत्तीसगढ़ी व्यंजनों का स्टॉल लगाया जाएगा। जिसमें ठेठरी, खुरमी, पपची, चीला, फरा, करी लड्डु, टमाटर की चटनी का स्वाद लोगों को मिलेगा। उद्यानिकी विभाग द्वारा स्थानीय किसानों द्वारा उगाए सब्जियों का प्रदर्शन स्टॉल लगाकर किया जाएगा। साथ ही किसानों को सब्जी मिनी किट बांटा जाएगा।